जानवरों से बदतर हालत! क्या ऐसे तैयार होंगे भविष्य के खिलाडी?
भारतीय खेल अधिकारी खेलों के विकास के प्रति कितने जवाबदेह हैं इसकी एक मिसाल देखने को मिल रही है दिल्ली में चल रहे राष्ट्रीय स्कूल खेलों में. इन खेलों मे भाग लेने भारत भर की स्कूलों से विद्यार्थी आए हुए हैं. लेकिन वे जिस हालात में रह रहे हैं, वह ना केवल शर्मनाक है बल्कि चिंताजनक भी है.
अहमदाबाद मिरर की खबर के अनुसार इन खेलों मे भाग लेने गुजरात से गए बच्चों को एक ऐसी इमारत में ठहराया गया जो कभी भी गिर सकती है! [खुद इमारत की बाहरी दिवार पर लिखा है - मुंडेर और छज्जे कमजोर हैं, कभी भी गिर सकते हैं, नीचे खडे ना हों]. आप ही सोचिए ऐसा संदेश पढने के बाद किसकी हिम्मत होगी उसी इमारत मे रहने की.
और तो और बच्चों को उस स्कूल [जीवन विकास विद्यालय, मोडल टाउन, दिल्ली] के एक कमरे में ठुंस कर रखा गया. एक छोटे से कमरे में (जिसे करीब 15 साल बाद खोला गया) 40 बच्चे! उनके बीच एक ही शौचालय, वह भी गंदा, उपर से पानी का रिसाव. कई बच्चों को तो उल्टियाँ होने लगी. दिल्ली की सर्दी में उनके पास नहाने के लिए गर्म पानी भी नहीं है, पाइप के सहारे खुले मे नहाना पड रहा है!
उपर से आयोजकों का तुर्रा यह कि वे हरसम्भव बेहतर प्रयास कर रहे हैं. और तो और इन खेलों का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने किया था, जो आगामी कोमनवेल्थ खेलों के आयोजन को लेकर उत्साहित हैं. लेकिन उन्हें ही शायद पता नहीं कि कोमनवेल्थ तो छोडिए, छोटे से राष्ट्रीय स्कूल खेल भी किस घटिया तरीके से आयोजित हो रहे हैं.
बहरहाल अब गुजरात सरकार ने राज्य के बच्चों को इस "यातना शिविर" से हटाकर गुजरात भवन पहुँचा दिया है, जहाँ वे आराम से रह रहे हैं. लेकिन दूसरे राज्य के बच्चों का क्या? भविष्य के खिलाडी क्या खूब तैयार हो रहे हैं!
Labels: ahmedabad, bad, delhi, gujarat, kids, management, mirror, sports, terror
